
रोडवेज बस को टक्कर मारकर पलटा कोयले से लदा ट्रेलर, बाइक सवार दबे; चालक की भी गई जान, क्रेन और जेसीबी से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर अनपरा थाना क्षेत्र के बैरपान के पास कोयले से लदे अनियंत्रित ट्रेलर ने सामने से आ रही रोडवेज बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रेलर सड़क पर पलट गया। हादसे में बस के पीछे बाइक से जा रहे दो लोग ट्रेलर और कोयले के नीचे दब गए, जबकि ट्रेलर चालक केबिन में फंस गया। इस भीषण हादसे में ट्रेलर चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में रोडवेज बस के यात्री भी शामिल हैं।
बताया गया कि ट्रेलर वाराणसी की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान बैरपान के पास अचानक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन व जेसीबी की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद बाइक सवारों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से संयुक्त चिकित्सालय भेजा गया। वहीं, केबिन में फंसे ट्रेलर चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान बाबूलाल पुत्र बखीरन निवासी रामपहरी, मकरा-सिंदूर, थाना पिपरी और मनोज यादव पुत्र लालचंद यादव निवासी भोपतपुर, थाना जियनपुर, आजमगढ़ के रूप में हुई है। घायलों में रमाशंकर, ईशान, राजन, आकाश यादव और कशिश शामिल हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित कहानियां
सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर पलटने से दो की मौत, पांच घायल